मधुबनी: झंझारपुर में नकली फॉर्च्यून तेल पर छापा, बाजार समिति में मचा हड़कंप

झंझारपुर बाजार समिति में अडानी ग्रुप की विजिलेंस टीम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर कथित नकली फॉर्च्यून तेल के 600 पाउच जब्त किए. जांच के लिए सैंपल लैब भेजा गया है.

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani News: अडानी ग्रुप की खाद्य तेल कंपनी की ओर से अनुमंडल क्षेत्र में पहली बार बड़ी कार्रवाई करते हुए झंझारपुर बाजार समिति परिसर सहित कई किराना दुकानों में छापेमारी कर कथित नकली फॉर्च्यून तेल के 600 पाउच जब्त किए गए. कार्रवाई के बाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

विजिलेंस टीम ने पुलिस के साथ की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार कंपनी की विजिलेंस एजेंसी IP Investigation and Detective Service Private Limited की चार सदस्यीय टीम ने विजिलेंस अधिकारी तोतन चक्रवती के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की.

टीम ने बाजार समिति परिसर स्थित फूस के बने एक किराना स्टोर में जांच के दौरान फॉर्च्यून ब्रांड के 750 एमएल वाले सैकड़ों पाउच को कथित रूप से नकली पाते हुए जब्त कर लिया.

गोदामों में भी हुई जांच

कंपनी अधिकारियों ने दुकान से जुड़े दो गोदामों में भी जांच की, हालांकि वहां कोई संदिग्ध खाद्य तेल नहीं मिला. जब्त सामान को लेकर टीम Jhanjharpur Police Station पहुंची.

अधिकारियों ने बताया कि पहले से रेकी कर कार्रवाई की गई थी और जब्त तेल प्रथम दृष्टया नकली प्रतीत हो रहा है. एक पाउच को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

स्वास्थ्य के लिए बताया खतरनाक

कंपनी अधिकारियों ने कहा कि नकली खाद्य तेल स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है. इससे हृदय रोग, पेट संबंधी बीमारी तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

पुलिस ने कही कार्रवाई की बात

प्रभारी थानाध्यक्ष बिहारी आलम ने बताया कि कंपनी की ओर से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकली खाद्य सामग्री के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और कारोबारियों में दहशत का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >