मधुबनी: निजी विद्यालयों के संगठन प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के मंच से झंझारपुर के शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया. झंझारपुर आरएस स्थित प्रोग्रेसिव पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ मनोज कुमार झा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं निरंतर योगदान के लिए शिक्षाविद सम्मान से सम्मानित किया गया. डॉ मनोज कुमार झा वर्ष 2005 से लगातार शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वहीं, विद्यालय के प्राचार्य नारायण झा को भी संगठन की ओर से सम्मानित किया गया.
डीएम समेत अतिथियों ने किया समारोह का उद्घाटन
सम्मान समारोह का उद्घाटन जिलाधिकारी आनंद शर्मा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन झा, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका डॉ मीनाक्षी कुमारी, गंगाजी चौधरी, संगठन के अध्यक्ष देवानंद झा उपाध्याय, उपाध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद, सचिव गुड्डू कुमार एवं डीपीआरओ सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया.
निजी विद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. शिक्षकों को पूरी निष्ठा के साथ शिक्षा का अलख जगाना चाहिए. सदर एसडीएम चंदन झा एवं डॉ मीनाक्षी कुमारी ने भी शिक्षकों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि शिक्षक ही समाज के निर्माता हैं. उनके प्रयास से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनता है.
वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वालों का सम्मान
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जो शिक्षक वर्षों से ईमानदारी से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित कर संगठन गौरवान्वित महसूस कर रहा है. कार्यक्रम में जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों के संचालक एवं शिक्षक बड़ी संख्या में मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
मधुबनी में 6 से 8 अक्टूबर तक होगा ‘आंगन का मिलन’, तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक
