Madhubani Accident News: झंझारपुर स्थित एनएच-27 पर संग्राम बाजार के पास रविवार को एक पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में अपने वाहन के निकट पड़ा मिला. गश्ती के दौरान पुलिस ने उसे देखा और तत्काल अनुमंडल अस्पताल झंझारपुर पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के दिघी निवासी 55 वर्षीय किशोरी महतो के रूप में हुई है.
Jhanjharpur News: हरी मिर्च लदी पिकअप के पास घायल मिला चालक
बताया गया कि हरी मिर्च से लदी पिकअप मधेपुर की ओर से आ रही थी. संग्राम बाजार के पास किसी कारणवश चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. राहगीरों और पुलिस की गश्ती टीम ने उसे वाहन के पास सड़क किनारे पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल अस्पताल भेजा गया.
सड़क हादसे की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अर्पण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है. आशंका है कि वाहन अनियंत्रित हुआ या चालक किसी अन्य कारण से घायल हुआ. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है.
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों को जानकारी दी गई. खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन झंझारपुर के लिए रवाना हो गए.
यह भी पढ़ें: झंझारपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला
