Jhanjharpur News: उत्पाद थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध विदेशी शराब से लदी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है. वाहन की तलाशी में 527.760 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गुप्त सूचना पर एनएच-27 पर की गई घेराबंदी
उत्पाद निरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि 3 अगस्त को सूचना मिली थी कि सकरी की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के रास्ते एक पिकअप से भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने भैरवस्थान थाना क्षेत्र के नारूआर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की.
बाथरूम सफाई का सामान बताकर कर रहे थे गुमराह
करीब साढ़े दस बजे संदिग्ध पिकअप पहुंची. वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें चालक अरविंद कुमार और उसके साथ दिलीप कुमार सवार मिले. पूछताछ के दौरान दोनों ने वाहन में बाथरूम सफाई का सामान होने की बात कही, लेकिन तलाशी के दौरान थर्माकोल लगे कार्टनों के बीच विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई.
527.760 लीटर विदेशी शराब जब्त
उत्पाद थानाध्यक्ष नीलकमल मिश्रा ने बताया कि वाहन से 750 मिली की विभिन्न ब्रांड की कुल 288 बोतल, 180 मिली की 1632 बोतल सहित कुल 527.760 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई. सभी बोतलों पर दूसरे राज्य में बिक्री के लिए अंकित था.
वैशाली के दो आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के गंगाब्रिज और विदुपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले अरविंद कुमार और दिलीप कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब की खेप मुजफ्फरपुर से लोड कर फारबिसगंज ले जाई जा रही थी.
पिकअप भी जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
उत्पाद विभाग ने शराब के साथ पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है. दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
