पहली सोमवारी पर झमाझम बारिश से बदला मौसम, शहर में जलजमाव, मौसम विभाग ने जारी किया का आरेंज अलर्ट

मधुबनी में सावन की पहली सोमवारी पर हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया. गर्मी से राहत मिली और किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटी. हालांकि, शहर के कई इलाकों में जलजमाव से परेशानी भी हुई.

Madhubani Weather: सावन की पहली सोमवारी पर जिले में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया. दोपहर बाद शुरू हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई, वहीं लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी. हालांकि, तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई.

बारिश से तापमान में आई गिरावट

बीते कुछ दिनों से उमस और गर्मी से लोग परेशान थे. सोमवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश के बाद अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस से घटकर 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

किसानों के लिए राहत, धान की फसल को मिला संजीवनी

लगातार बारिश नहीं होने से धान के खेतों में दरारें पड़ने लगी थीं और किसान चिंतित थे. सोमवार की बारिश से खेतों में नमी लौट आई है. किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होती रही तो खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है. कृषि विभाग ने भी इस बार सामान्य से अच्छी वर्षा की संभावना जताई है.

शहर में जलजमाव से बढ़ी मुश्किलें

बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी. आदर्श नगर कॉलोनी, बीएन झा कॉलोनी, महिला कॉलेज रोड, हॉस्पिटल रोड, पंचवटी चौक से भौआड़ा जाने वाली सड़क समेत कई इलाकों में जलजमाव हो गया. सड़कें कीचड़ और पानी से भर जाने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा.

अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे जहां किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं शहरी क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने की चुनौती भी बनी रहेगी.

यह भी पढ़ें: पहली सोमवारी पर कल्याणेश्वर स्थान में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anil kunar jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >