मधुबनी: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) की ओर से आगामी 13 सितंबर को हरलाखी प्रखंड क्षेत्र के कलनेश्वर स्थान मैदान में आयोजित होने वाली गरीब चौपाल की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. कार्यक्रम की सफलता को लेकर पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव अविनाश कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ सभा स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया.
कार्यकर्ताओं को दिए जरूरी दिशा-निर्देश
निरीक्षण के बाद प्रदेश प्रधान महासचिव ने स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में गरीब चौपाल को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
अविनाश कुमार ने कहा कि गरीब चौपाल के माध्यम से समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है.
मिथिला परंपरा से अतिथियों का स्वागत
पार्टी की जिला अध्यक्ष विमला कुमारी एवं सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों ने प्रदेश से आए अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, दुपट्टा एवं फूल-माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया.
वहीं, कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. यह प्रचार वाहन क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं पंचायतों में जाकर लोगों को गरीब चौपाल की जानकारी देगा और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा.
गरीब चौपाल को सफल बनाने का संकल्प
बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी ने एकजुट होकर 13 सितंबर को आयोजित होने वाली गरीब चौपाल को सफल बनाने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें
हरलाखी में महिलाओं और किशोरियों के लिए शुरू हुआ मुफ्त सिलाई प्रशिक्षण, छह माह तक चलेगा प्रशिक्षण
