Madhubani News : हटनी गांव पहुंचे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मिथिला परंपरा में हुआ स्वागत

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान घोघरडीहा के हटनी गांव पहुंचे.

घोघरडीहा. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान घोघरडीहा के हटनी गांव पहुंचे. वह अपने पूर्व परिचित समाजसेवी तरुण मिश्र के घर निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. राज्यपाल के पहुंचते ही जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. सलामी की औपचारिकता के बाद राज्यपाल ने तरुण से आत्मीयता पूर्वक मुलाकात की. उनके परिजनों व ग्रामीणों से भी परिचय प्राप्त किया. इस अवसर पर पूर्व मुखिया संजय कुमार निराला, गंगाधर झा, राजपाल मिश्र, माधव झा, निरंजन झा और शंकर झा सहित कई ग्रामीण मौजूद थे. तरुण मिश्र के बहनोई श्यामा नंद झा ने मिथिला परंपरा के अनुरूप राज्यपाल को पाग व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया. तरुण ने राज्यपाल को उनकी बनायी एक पेंटिंग स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की. मिथिलांचल की आत्मीयता से प्रभावित राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि तरुण के आग्रह को टाल नहीं सका. पहले दो बार कार्यक्रम किसी कारणवश स्थगित हुआ था, लेकिन लगता है आज का ग्रह-नक्षत्र शुभ है. इसलिए यहां तक पहुंचने में सफल रहा. तरुण ने बताया कि राज्यपाल से उनका व्यक्तिगत संबंध है. उन्होंने कहा कि राजनीति से दूर हूं. केवल एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अपने गांव व समाज की भलाई के लिए कार्य करता हूं. राज्यपाल के आगमन से पहले पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे. राज्यपाल के गांव पहुंचते ही मिथिला की अतिथि-देवो-भव: परंपरा का परिचय देते हुए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण, बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं राज्यपाल को देखने आए थे. राज्यपाल बच्चों से मिले व उसका नाम और पढ़ाई के संबंध में संवाद किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >