Madhubani News: उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामपुर टोला भच्छी में छात्रों के बीच डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान वैक्टर जनित रोग पर्यवेक्षक राकेश रंजन ने छात्रों और शिक्षकों को बीमारी के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी.
एडीज मच्छर से फैलता है डेंगू
राकेश रंजन ने बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया संक्रमित मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलते हैं. यह मच्छर दिन के समय काटता है और साफ तथा स्थिर पानी में पनपता है.
बताए बीमारी के प्रमुख लक्षण
उन्होंने कहा कि तेज बुखार, सिर और शरीर में दर्द, जोड़ों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते, नाक या मसूड़ों से रक्तस्राव, उल्टी के साथ खून आना और काला मल इस बीमारी के प्रमुख लक्षण हैं.
उन्होंने सलाह दी कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज को तुरंत सदर अस्पताल या मेडिकल कॉलेज ले जाना चाहिए.
बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
कार्यक्रम में बताया गया कि दिन में भी मच्छरदानी का प्रयोग करें, मच्छर भगाने वाली क्रीम या दवा लगाएं, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें और घर व आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने दें. कूलर, एसी, फ्रिज की ट्रे, पानी की टंकी तथा टूटे-फूटे बर्तनों की नियमित सफाई करने की भी सलाह दी गई.
शिक्षक और छात्र रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह, प्रभा कुमारी, लक्की कुमारी, कमलेश कुमार, मो. समिउल्लाह, मो. ओवैस, आरजू खातून सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
