मधुबनी में डिजिटल ठगी, फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर साइबर कैफे से 21 हजार रुपये झपटे

मधुबनी जिले में साइबर ठगी का एक नया तरीका सामने आया है. एक शातिर युवक ने हेलमेट पहनकर और डिजिटल पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर साइबर कैफे से ₹21,000 नकद लूट लिए. दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत है.

Madhubani News: मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के भानपुर गांव में साइबर अपराध का एक अनोखा मामला सामने आया है. जहां एक शातिर बदमाश ने डिजिटल पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर साइबर कैफे से 21 हजार रुपये नकद झपट लिए और मौके से फरार हो गया. दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय कारोबारियों में दहशत का माहौल है.

Fake Screenshot Fraud: हेलमेट पहने युवक ने दिया घटना को अंजाम

साइबर कैफे संचालक विनोद कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि यह घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की है. उस समय उनकी भतीजी प्रतिभा कैफे पर काम संभाल रही थी. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की आर15 बाइक पर सवार एक अज्ञात युवक हेलमेट पहने हुए कैफे पर पहुंचा. उसने काउंटर पर आकर 21 हजार रुपये कैश देने की बात कही और अपने मोबाइल फोन में एक डिजिटल पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर काउंटर पर रख दिया.

Cyber Crime: काउंटर पर रखे पैसे झपटकर हुआ फरार

युवक की चालबाजी भांपने से पहले ही काउंटर पर मौजूद प्रतिभा ने कैश गिनकर अपने हाथ में रख लिया. वह अपने चाचा और संचालक विनोद कुमार को फोन कर पेमेंट मिलने की पुष्टि करने लगी. इसी बीच, शातिर युवक ने मौका पाकर प्रतिभा के हाथ से सारे रुपये झपट लिए और तेजी से बरैल चौक की तरफ बाइक भगाकर फरार हो गया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस प्रशासन

घटना के बाद पीड़ित संचालक ने तुरंत बाबूबरही थाने में अज्ञात बदमाश के खिलाफ लिखित आवेदन दिया है. कैफे के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में हेलमेट पहने आरोपी की तस्वीर और उसकी बाइक स्पष्ट रूप से कैद हो गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

साइबर अपराधियों के नए पैंतरे से बढ़ी चिंता

इस वारदात ने ग्रामीण इलाकों में सक्रिय साइबर अपराधियों के नए तौर-तरीकों को उजागर कर दिया है. ठग अब छोटे दुकानदारों और सीएसपी संचालकों को डिजिटल ट्रांजैक्शन के फर्जी स्क्रीनशॉट के जरिए आसानी से अपना शिकार बना रहे हैं. पुलिस ने दुकानदारों को सतर्क रहने और पेमेंट अकाउंट में राशि क्रेडिट होने की पुष्टि के बाद ही सामान या नकदी देने की सलाह दी है.

यह भी पढ़ें... बूढ़ी गंडक नदी से लापता युवक का शव बरामद: इकलौते बेटे की मौत से नाजीरपुर में कोहराम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avnish kumar karn

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >