Madhubani News: झंझारपुर थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. छात्रा के पिता के आवेदन पर पुलिस ने छह नामजद और एक अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: बाल हृदय योजना के तहत तीन बच्चों को मुफ्त इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया
बोलेरो से जबरन ले जाने का आरोप
पीड़िता के पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को राजकुमार मुखिया समेत अन्य आरोपित बोलेरो वाहन से जबरन अपने साथ ले गए. घटना की जानकारी उन्हें ग्रामीणों से मिली.
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपित इससे पहले भी उनकी पुत्री का अपहरण करने का प्रयास कर चुका था. उस समय पंचायत में समझौता हुआ था और इस संबंध में लिखित दस्तावेज भी तैयार किए गए थे. इसके बावजूद दोबारा घटना को अंजाम दिया गया.
शादी की नीयत से अपहरण की आशंका
आवेदक ने आशंका जताई है कि उनकी पुत्री का अपहरण शादी की नीयत से किया गया है. उन्होंने पुलिस से छात्रा की सकुशल बरामदगी और सभी आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही जांच
झंझारपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. छात्रा की बरामदगी और मामले की जांच के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
