Madhubani News :देपुरा नया टोल में बछराजा नदी में मिला लापता किशोरी का शव

अरेर थाना की ब्रह्मपुरा पंचायत के अकुली गांव में शुक्रवार को शौच के लिए गयी लापता किशोरी का शव शनिवार की सुबह देपुरा नया टोल में बछराजा नदी से बरामद हुआ.

बेनीपट्टी. अरेर थाना की ब्रह्मपुरा पंचायत के अकुली गांव में शुक्रवार को शौच के लिए गयी लापता किशोरी का शव शनिवार की सुबह देपुरा नया टोल में बछराजा नदी से बरामद हुआ. उसकी पहचान रामाशीष राम की पुत्री प्रीति कुमारी (14) के रूप में की गयी. शव बरामद होते ही लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. उधर, मृतका के घर में कोहराम मच गया. इसी क्रम में स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद अपर थानाध्यक्ष बेमिसाल कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने शव को कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया. प्रीति कुमारी शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे के आस-पास शौच के लिए अकुली गांव के बछराजा नदी की ओर गयी थी, जहां से वापस नहीं लौटने पर चिंतित परिजनों ने खोजबीन शुरू की. इस दौरान किसी ने नदी की ओर जाने की बात कही. जब परिजन नदी किनारे पहुंचे तो वहां किशोरी का दुपट्टा और चप्पल पड़ा हुआ मिला. इसी के आधार पर नदी में ही किशोरी की डूब जाने की आशंका व्यक्त कर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नही चलने पर घटना की सूचना थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बेनीपट्टी से एसडीआरएफ की टीम को बुलवाकर तलाश करायी कई घंटे तक खोजबीन चलने के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला तो एसडीआरएफ की टीम वापस लौट गयी. इधर, परिजन व ग्रामीण ने शनिवार की सुबह से ही फिर से किशोरी की खोज नदी में शुरू कर दी गयी. इसी क्रम में शनिवार की सुबह करीब 6 बजे के आस-पास में आखिरकार 24 घंटे के बाद बेनीपट्टी थाना के देपुरा गांव में लापता किशोरी का शव बरामद हुआ. घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए ब्रह्मपुरा पंचायत के पूर्व मुखिया अजित पासवान ने सरकार और प्रशासन से मृतिका प्रीति कुमारी के परिजनों को मुआवजा देने की अपील की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GAJENDRA KUMAR

GAJENDRA KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >