Jansahyog Shivir: बेनीपट्टी प्रखंड के गंगुली, नगवास और करहारा पंचायत में बुधवार को जनसहयोग शिविर आयोजित किया गया. गंगुली पंचायत में शिविर का उद्घाटन डीडीसी सुमन कुमार, ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़, सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार, प्रमुख सोनी देवी और मुखिया इंदु कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
उद्घाटन के बाद अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग और दोपट्टा देकर सम्मान किया गया.
लाभुकों को वितरित किए गए सहायता राशि के चेक
शिविर में बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना की लाभुक मंजू देवी को 2 लाख रुपये तथा बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना की लाभुक गीता देवी को 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया.
इसके अलावा प्रखंड उपप्रमुख की ओर से 100 और बेनीपट्टी सीडीपीओ की ओर से 10 टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई गई.
समाधान पोर्टल से 30 दिनों में होगा शिकायतों का निस्तारण
डीडीसी सुमन कुमार ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए समाधान पोर्टल संचालित किया जा रहा है. इसके माध्यम से शिकायतों का निस्तारण 30 दिनों के भीतर किया जाता है तथा लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी भी मिलती है.
उन्होंने कहा कि जनसहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है.
45 विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
डीडीसी ने बताया कि शिविर में बिहार सरकार के करीब 45 विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं, जो विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ लोगों की समस्याएं भी सुनते हैं.
उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की.
नल-जल, बिजली और राजस्व से जुड़ी शिकायतें प्रमुख
शिविर में नल-जल योजना, पेंशन, राशन कार्ड, सड़क निर्माण, दाखिल-खारिज, बिजली और राजस्व से जुड़ी शिकायतें बड़ी संख्या में प्राप्त हुईं. इनमें से करीब दो दर्जन मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों के निर्धारित समय में समाधान का आश्वासन दिया गया.
नगवास पंचायत में आयोजित शिविर में नाली-गली, नल-जल, राजस्व, बिजली, आवास और कृषि विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं. कई मामलों का त्वरित निष्पादन भी किया गया.
करहारा पंचायत में भी नल-जल, सड़क, बिजली, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
शिविर में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, एसडीएम शारंग पाणि पांडेय, साइबर डीएसपी अंकुर कुमार, बीडीओ महेश्वर पंडित, सीओ अभिषेक आनंद, पीओ संजीव रंजन मिश्रा, एमओ रोहित रंजन झा, बिजली एसडीओ राहुल कुमार, प्रमुख सोनी देवी, सीडीपीओ कुमारी रेखा, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आकांक्षा, पीएचसी प्रभारी डॉ. पीएन झा, बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनूप कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन नकली मोबाइल सप्लाई केस में बाबूबरही से युवक गिरफ्तार, मुंबई पुलिस ले गई रिमांड पर
