मधुबनी: बाबूबरही थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को 130 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खुटौना निवासी सोनू कुमार और पथराही निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस की गाड़ी देखते ही बाइक छोड़ स्टूडियो में घुसे
जानकारी के अनुसार, बाबूबरही थाना पुलिस को एसटीएफ बिहार, पटना की टीम से सूचना मिली थी कि बरैल चौक के पास खुले में गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के लिए धनंजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस टीम को देखते ही दो व्यक्ति अपनी-अपनी मोटरसाइकिल सड़क पर छोड़कर पास के एक स्टूडियो में घुस गये. पुलिस ने स्टूडियो की घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया.
तलाशी में मिली 130 ग्राम ब्राउन शुगर
पुलिस द्वारा तलाशी लिये जाने पर सोनू कुमार के पास से काले रंग की पॉलीथिन में रखा 130 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ. पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिये.
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे बंगाल से ब्राउन शुगर लाकर यहां बिक्री करते हैं. पुलिस इस जानकारी के आधार पर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
एसएचओ अमृता सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर लिया गया है. बरामद नशीले पदार्थ और मोटरसाइकिल को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें
BRICS सम्मेलन में छायी मधुबनी पेंटिंग, संजय झा ने जतायी खुशी
