मधुबनी: 15 दिनों तक चलेगा आयुष्मान कार्ड का विशेष अभियान, DM ने दिए महादलित टोलों में शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश

मधुबनी में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 15 दिवसीय विशेष अभियान शुरू हो गया है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी पात्र लाभार्थियों, विशेषकर अनुसूचित जाति, जनजाति और 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ना है.

Madhubani News: जिले में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार से 15 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की गई है. बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति जिला क्रियान्वयन इकाई के निर्देशानुसार यह अभियान विशेष रूप से जिले के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में संचालित किया जा रहा है.

70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का बनेगा आयुष्मान वय वंदना कार्ड

अभियान के दौरान विकास मित्र घर-घर जाकर छूटे हुए पात्र लाभार्थियों तथा 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों का निःशुल्क आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाएंगे. इस अभियान का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार स्वास्थ्य बीमा के लाभ से वंचित न रहे. योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज सूचीबद्ध अस्पतालों में मिलता है, जबकि 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को उनकी सामाजिक या आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना यह लाभ दिया जा रहा है.

घर-घर पंजीकरण और CSC सेंटरों पर भी व्यवस्था

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने विकास मित्रों को पात्र लाभार्थियों के घर पहुंचकर योजना की पूरी जानकारी देने और आयुष्मान ऐप व वेब पोर्टल से कार्ड बनाने का निर्देश दिया है. आवश्यकता पड़ने पर लाभार्थियों को निकटवर्ती कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) ले जाकर भी निःशुल्क कार्ड बनवाया जाएगा. इसके लिए जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी व नामित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है.

अधिकारियों को प्रशिक्षण, रोजाना होगी मॉनिटरिंग

अभियान की सफलता के लिए जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला आईटी प्रबंधक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी तथा एबी डीएम से जुड़े अधिकारी प्रखंड स्तर के कर्मियों और विकास मित्रों को तकनीकी प्रशिक्षण देंगे. अभियान की दैनिक निगरानी प्रखंड स्तर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी करेंगे, जबकि जिला स्तर पर हर दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी.

कार्ड निर्माण पूरी तरह निःशुल्क, अवैध वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई

डीएम आनंद शर्मा ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि आयुष्मान कार्ड और आयुष्मान वय वंदना कार्ड का निर्माण पूरी तरह निःशुल्क है. यदि कोई भी व्यक्ति या बिचौलिया कार्ड बनाने के नाम पर रुपये की मांग करता है, तो साक्ष्य के आधार पर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही काम में लापरवाही बरतने वाले विकास मित्रों पर सेवा समाप्ति जैसी सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है.

यह भी पढ़ें: मधुबनी में भामिपा की हुंकार: धनेश्वर महतो ने जंतर-मंतर लाठीचार्ज और पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार को घेरा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anil kunar jha

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >