Agriculture News: खरीफ वर्ष 2026 को ध्यान में रखते हुए बिस्फी किसान भवन के सभागार में रविवार को उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी कौशल कुमार सिंह ने की. इसमें किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के उपायों पर चर्चा हुई.
उर्वरक विक्रेताओं को दिए आवश्यक निर्देश
प्रखंड कृषि पदाधिकारी कौशल कुमार सिंह ने किसानों, उर्वरक विक्रेताओं और कृषि विभाग के कर्मियों को खरीफ मौसम में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा सरकार द्वारा निर्धारित दरों की जानकारी दी. उन्होंने सभी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसानों को केवल निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराएं.
कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी विक्रेता द्वारा कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
किसानों से अधिकृत दुकानों से खरीदारी की अपील
बैठक में किसानों से अपील की गई कि वे केवल अधिकृत उर्वरक दुकानों से ही खाद खरीदें और खरीदारी के बाद रसीद अवश्य लें. किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.
बैठक में कृषि विभाग के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और किसानों ने भाग लिया.
