5 साल से छोटे बच्चों का आधार बनाने के लिए प्रमाण पत्र जरूरी, जानें कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए

मधुबनी प्रधान डाकघर में अब छोटे बच्चों और 18 वर्ष से अधिक आयु वालों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं. इससे लोगों को दरभंगा या पटना के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. जानिए क्या हैं जरूरी दस्तावेज और शुल्क.

मधुबनी: प्रधान डाकघर में बने आधार कार्ड सेंटर पर अब पांच साल से कम उम्र के बच्चों के साथ 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों का भी आधार कार्ड बनाया जा रहा है. इससे पहले इन श्रेणियों में आने वाले लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए दरभंगा जाना पड़ता था. नई व्यवस्था शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है.

डाक अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि सरकार के नये नियम के तहत अब छोटे बच्चों का आधार कार्ड बनाने की सुविधा प्रधान डाकघर में उपलब्ध है. इसके साथ ही 18 वर्ष से अधिक उम्र के जिन लोगों ने अभी तक आधार कार्ड नहीं बनवाया है, वे भी यहीं आधार बनवा सकते हैं. इससे लोगों को पटना या दरभंगा का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.

छोटे बच्चों के आधार के लिए जन्म प्रमाण पत्र जरूरी

डाक अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पांच साल से कम उम्र के बच्चों का आधार कार्ड बनाने के लिए सरकारी अस्पताल से जारी जन्म प्रमाण पत्र जरूरी है. इसके साथ पिता का आधार कार्ड भी होना चाहिए.

पिता के आधार कार्ड में दर्ज पता और बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में दर्ज पता एक समान होना चाहिए. अगर बच्चे के पिता बाहर रहते हैं, तो ऐसी स्थिति में माता के आधार कार्ड के आधार पर भी बच्चे का आधार कार्ड बनाया जा सकता है.

18 वर्ष से अधिक उम्र वालों के लिए ये दस्तावेज जरूरी

18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों को नया आधार कार्ड बनवाने के लिए मैट्रिक का प्रमाणपत्र देना होगा, जिसमें जन्म तिथि अंकित हो. इसके साथ लाभुक को पैन कार्ड, वोटर कार्ड, पासपोर्ट या राशन कार्ड में से किसी एक दस्तावेज को लगाना जरूरी है.

आधार में सुधार के लिए देना होगा शुल्क

आधार कार्ड सेंटर के सहायक रंजीत कुमार, तनवीर और आयुषिका ने बताया कि पुराने आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए प्रतिदिन 100 से अधिक लाभुक पहुंच रहे हैं.

उन्होंने बताया कि आधार में मोबाइल नंबर बदलने के लिए 125 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं केवल अंगूठे के निशान और फेस में सुधार कराने पर 75 रुपये शुल्क लगेगा. दोनों तरह का सुधार एक साथ कराने पर 200 रुपये शुल्क देना होगा.

वहीं, नया आधार कार्ड बनाने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना पड़ता है.

यह भी पढ़ें

रहिका में चोरी की बाइक और देसी कट्टा के साथ दो युवक गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kunjan Kumar Putti

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >