नप प्रशासन ने नहीं किया आवाजाही को ठीक करने की पहल
मधुबनी : नगर परिषद प्रशासन द्वारा विगत दिनों कोर्ट कैंपस, सदर अस्पताल, आॅफिसर कॉलोनी सहित अधिकारियों के आवास से जल निकासी की पहल की गयी . पर इसके लिये ठोस पहल नहीं किये जाने के कारण अब आम लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है. आलम यह है कि शहर के हजारों आदमी की आवाजाही बाधित हो रही है. सड़क जाम, बच्चो के स्कूल जाने भी परेशानी हो रही है. कई व्यवसायी के व्यवसाय प्रभावित हो रहे है.
जिस कारण लोगों में आक्रोश बढता ही जा रहा है. शहर में अधिकारियों के आवास व सदर अस्पताल परिसर से जल निकासी की पहल पर नप प्रशासन ने कोर्ट कैंपस के एस पी आवास तक करीब तीन फीट में जेसीबी से नाले की खुदाई कर दी. जल निकासी होने भी लगी. पर इस दौरान कहीं भी नप प्रशासन ने ना तो ह्यूम पाईप दिया और ना ही कोई अन्य व्यवस्था ही किया. जिससे इस नाले खुदाई के बीच में कई जगहों पर आवाजाही बाधित हो रही है. शहर के जलधारी चौक से हास्पीटल मुहल्ला जाने वाली सड़क, मधुयामिनी होटल, मोटरसाइकिल एजेंसी, कई निजी नर्सिग होम तक जाने में लोगो को परेशानी हो रही है.
इसके साथ ही एसबीआई बैंक में आने वाले ग्राहकों को भी भारी परेशानी हो रही है. इस बाबत नप के कार्यपालक पदाधिकारी जटाशंकर झा ने बताया है कि नाला खुदाई के बाद जल्द ही इसमें सुविधा के लिये कुछ ना कुछ इंतजाम किया जायेगा.
