मधुबनी : गायघाट थाना क्षेत्र के टॉल प्लाजा के समीप अपराधियों ने फेविकोल से लदे टाटा 407 ट्रक को लूट लिया. ट्रक के चालक को अपराधियों ने पीटा. विरोध करने पर पांव में गोली मार दी. घायल चालक जहानाबाद जिला के सोहे गांव निवासी रामलखन सिंह प्रसाद के पुत्र धीरज कुमार यादव बताया है. घायल चालक को अपराधियों ने सकरी थाना के नरपतिनगर में फेंक दिया व भाग निकले. सुबह जब चालक को लोगों ने कराहते देखा तोइसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस ने चालक को सकरी के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया. पुलिस को दिये बयान में चालक धीरज कुमार यादव ने बताया है कि वह पटना से फेविकॉल से लदी 407 एलटीसी ट्रक बीआर 1 जीए 1405 लेकर सुपौल होते हुए फारबिसगंज जा रहा था. मुजफ्फरपुर टॉल प्लाजा के बाद एक बोलेरो ने ओवर टेक कर गायघाट के निकट उसे रोका. बोलेरो में लगभग दस लोग सवार थे. उनलोगों ने ट्रक चालक को गाड़ी से उतार कर मारा -पीटा. चालक ने विरोध किया तो उसके बायें पैर में गोली मार दी तथा उसके आंख में पट्टी बांध कर बोलेरो में बैठा लिया. उसमें से चार लोग ट्रक में बैठ ट्रक लेकर भाग निकले.
जबकी अन्य लोग घायल चालक को बोलेरो में लेकर एनएच 57 से सकरी थाना क्षेत्र के नरपतिनगर हॉल्ट क्रास कर महुआ गाछी में ले जाकर फेंकते हुए भाग निकले. प्रभारी थानाध्यक्ष अमोद कुमार झा ने बताया कि चुकीं घटनास्थल गायघाट थाना क्षेत्र था, इसलिए फर्द बयान लेकर गायघाट थाना को भेज दिया गया है. चालक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. वहीं चालक अभी भी सकरी के निजि नर्सिंग होम में ईलाजरत है.
