तीन दिनों से बिजली गुल रहने पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

तीन दिनों से बिजली गुल रहने पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

मुरलीगंज.

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत

रजनी पंचायत में तीन दिनों से बाधित बिजली आपूर्ति से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को मुरलीगंज–बिहारीगंज एसएच-91 को जाम कर दिया. जाम के कारण करीब चार घंटे तक आवागमन ठप हो गया. बाद में प्रशासन के पहल पर सड़क जाम हटाया गया और बिजली आपूर्ति बहाल की गयी. जानकारी के अनुसार रजनी पंचायत के वार्ड संख्या 10, 11 एवं 12 में बीते तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी. नाराज ग्रामीणों का सब्र बुधवार को टूट गया.

जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर चार घंटे बाद जाम हटवाया, इसके बाद आवागमन बहाल हुआ. मामले को लेकर विद्युत सहायक अभियंता तारानंद यादव ने बताया कि दो दिन पहले विद्युत आपूर्ति में फॉल्ट आने से तार टूटकर गिर गया था. तार जोड़कर बिजली बहाल करने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन स्थानीय एक व्यक्ति द्वारा इसका विरोध किया गया. संबंधित व्यक्ति ने विद्युत तार हटाने की मांग की है, क्योंकि उन्होंने तार के नीचे घर बना लिया है. उन्होंने बताया कि विद्युत लाइन शिफ्ट कराने की एक निर्धारित प्रक्रिया है, जिसका खर्च संबंधित व्यक्ति को ही वहन करना होगा. फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी है.

वहीं बिजली विभाग के जेई अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि सोमवार की सुबह 11 हजार वोल्ट की लाइन में फॉल्ट आने से तार गिर गया था. बिजली बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थानीय व्यक्ति ने अपने घर के ऊपर से गुजर रही लाइन को हटाने की मांग को लेकर आपूर्ति रोक दी. बाद में बीडीओ गोपाल कृष्णन एवं थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने संबंधित व्यक्ति को समझाया, इसके बाद दूसरे मार्ग से लाइन जोड़कर बिजली आपूर्ति शुरू करने पर सहमति बनी. बीडीओ गोपाल कृष्णन ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों ने सड़क जाम किया था. प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समस्या का समाधान कर बिजली बहाल कर दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar Ashish

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >