उदाकिशुनगंज प्रखंड अंतर्गत पिपरा करौती पंचायत के हनुमान मंदिर छर्रापट्टी के प्रांगण में रविवार को पंचायत यात्रा के क्रम में जनता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान जदयू के प्रदेश महासचिव रामकृष्ण मंडल एवं जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव दयानंद शर्मा ने पूर्व राजद प्रत्याशी ई प्रभाष कुमार के समक्ष जदयू छोड़ राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हुए. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व राजद प्रत्याशी ई प्रभाष कुमार ने जदयू छोड़कर आए हुए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इनलोगों के पार्टी में आने से राष्ट्रीय जनता दल और तेजस्वी यादव जी के हाथों को और मजबूती मिलेगी. आगे उन्होंने कहा कि बिहार में जब महागठबंधन की सरकार बनेगी तो डोमिसाइल लागू किया जाएगा. बिहार सरकार की ओर से नौकरियों के लिए फॉर्म भरने का फीस भी दी जाएगी. एक युवा ही बिहार का अच्छा भविष्य लिख सकता है. इसलिए बिहार का मुख्यमंत्री भी युवा को बनाने की आवश्यकता है. उन्होंने बिहार की शिक्षा के पिछड़ेपन का उल्लेख किया और कहा कि बिहार के युवाओं को शिक्षा के प्रति एक लाख विद्यार्थी पर मात्र सात कॉलेज हैं. उन्होंने शराबबंदी की स्थिति पर भी चर्चा की और कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद लगभग 13 लाख लोगों की गिरफ्तारी हुई, जिसमें 99 प्रतिशत अतिपिछड़ा और दलित समाज के लोग हैं. उन्होंने दिव्यांगों के अधिकारों के बारे में भी बात की और कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर अलग से दिव्यांग मंत्रालय और आयोग का गठन किया जाएगा. उनके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया जाएगा. प्रत्येक महिलाओं को हर महीने 2500 रुपया, पेंशन को 400 से बढ़ाकर 1500 रुपया, 200 यूनिट बिजली फ्री एवं बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध चरम सीमा पर है और लोगों के अंदर दहशत का माहौल है. लेकिन इससे सरकार को कोई मतलब नहीं है. उन्होंने बिहारीगंज विधानसभा के विकास के बारे में भी बात की और कहा कि इस क्षेत्र में पक्की सड़क, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था और शिक्षा एवं उद्योग की जरूरत है, लेकिन आज तक इस ओर वर्तमान विधायक या कोई भी सरकार की ओर से ध्यान नहीं दिया गया है. विधायक का विकास से कोई सरोकार नहीं रह गया है. ई प्रभाष ने भाजपा जदयू की सरकार को मोर्चे पर विफल बताया. वही जदयू छोड़ राजद में आए प्रदेश महासचिव रामकृष्ण मंडल ने कहा कि लगातार छह महीना से मैं जदयू में घुटन महसूस कर रहा था, मुख्यमंत्री अब बिहार चलाने लायक नहीं रहे, भाजपा पूरे देश में अपना एजेंडा लागू करके हिन्दू, मुस्लिम, सिख ईसाई में लड़ाई करवाकर सत्ता में काबिज रहना चाहते हैं. इसलिए बिहार को बचाने के लिए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की जरूरत है. दयानंद शर्मा ने कहा कि जदयू अब बिहार के विकास के लिए नहीं बल्कि विनाश के लिए काम कर रही है. इसलिए हमलोगों ने जदयू छोड़ राजद के साथ मिलकर बिहार के भविष्य के लिए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया. मौके पर प्रदीप यादव,पवन यादव, छत्री यादव, मो इस्राफील, अशोक, सुनील कुमार, मनोज, छात्र अध्यक्ष रवि,सुमन,मिलन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
