मठाही में मां दुर्गा वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आगाज, उद्घाटन मैच में मेजबान टीम की दमदार जीत

उद्घाटन मैच सुपौल और मठाही के बीच खेला गया, जो दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा.

मधेपुरा. मठाही स्थित दुर्गा स्थान परिसर के मैदान में मां दुर्गा तीन दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ बुधवार को हुआ. एक अप्रैल से शुरू हुआ यह टूर्नामेंट तीन अप्रैल तक चलेगा, इसमें कुल छह टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी. उद्घाटन समारोह उत्साह एवं खेल भावना के माहौल में संपन्न हुआ. टूर्नामेंट का उद्घाटन स्थानीय मुखिया नवीन कुमार, सरपंच बलराम यादव, समिति प्रतिनिधि अशोक कुमार एवं समाजसेवी अरविंद यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. उद्घाटन के मौके पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए अतिथियों ने खेल को ग्रामीण युवाओं के लिए बेहतर मंच बताया. उद्घाटन मैच सुपौल और मठाही के बीच खेला गया, जो दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा. मुकाबला पांच राउंड तक चला, जिसमें सुपौल की टीम ने एक राउंड में जीत हासिल की, लेकिन मठाही की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुये चार राउंड अपने नाम कर लिये. इसी के साथ मेजबान टीम ने जोरदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया. मैच के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती और खेल कौशल ने दर्शकों को बांधे रखा. स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मैदान में उमड़ी, जिससे पूरा माहौल खेलमय हो गया. आयोजन समिति ने बताया कि आगामी मुकाबलों में और भी कड़े और रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे. टूर्नामेंट का समापन तीन अप्रैल को फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा. मौके पर रेफरी नरेश कुमार आर्मी, स्कॉलर रंजन कुमार, मिथिलेश कुमार राणा, नीतीश कुमार, अमरदीप कुमार, लड्डू कुमार लालू, मनीष, युवराज, छोटू सुनील, अंकित सहित अन्य मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >