मधेपुरा में तेज रफ्तार बोलेरो घर में घुसी, सो रही महिला की मौत

Road Accident Tragedy: रात के सन्नाटे में अचानक हुआ जोरदार धमाका. मधेपुरा में अनियंत्रित बोलेरो घर की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई, हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौके पर मौत.

मधेपुरा से अमन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

Road Accident Tragedy: मधेपुरा शहर के लक्ष्मीपुर मोहल्ला स्थित वार्ड संख्या 16 में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. चिल्ड्रेन पार्क के समीप तेज रफ्तार से जा रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने घर में घुस गई. हादसे के समय घर के अंदर सो रही 40 वर्षीय राधा देवी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

रात के सन्नाटे में मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात करीब दो बजे हुई. अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और घटनास्थल की ओर दौड़े. वहां पहुंचने पर लोगों ने देखा कि एक बोलेरो वाहन घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस चुका है. घर के भीतर अफरा-तफरी का माहौल था और परिवार के सदस्य सदमे में थे.

घर में सो रही महिला बनी हादसे का शिकार

मृतका की पहचान लक्ष्मीपुर मोहल्ला निवासी राधा देवी, पति शंकर साह, के रूप में हुई है. बताया जाता है कि घटना के समय वह अपने घर में सो रही थीं. बोलेरो के घर में घुसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए.

चालक गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं बोलेरो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या चालक किसी अन्य वजह से वाहन पर नियंत्रण खो बैठा.

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, वहां अक्सर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन होता है. रात के समय लापरवाह ड्राइविंग के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल

राधा देवी के निधन से पूरा इलाका शोक में डूब गया है. पड़ोसियों के अनुसार वह मिलनसार और मददगार स्वभाव की महिला थीं. स्थानीय लोगों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

Also Read: बिहार के लाखों लोगों के लिए गुड न्यूज, विक्रमशिला सेतु पर इस दिन से दौड़ेंगी गाड़ियां, क्या होगा नियम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >