उदाकिशुनगंज . उदाकिशुनगंज में रामजानकी सेवा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को शोभायात्रा निकाली गयी, जिसमें व्यवसायी संघ समेत बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर परिषद जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया. शोभायात्रा नाथ बाबा मंदिर प्रांगण से विधिवत रूप से प्रारंभ हुई. जुलूस में शामिल श्रद्धालु ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के साथ जय श्रीराम के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे. शोभायात्रा बायपास रोड होते हुए बजरंगबली मंदिर हरैली पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. इसके बाद जुलूस पुनः वापस लौटते हुए नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा. जुलूस का मार्ग नाथ बाबा मंदिर से निकलकर बायपास रोड, बजरंगबली मंदिर हरैली, जेल चौक, पटेल चौक, सरयुग चौक, दुर्गा स्थान चौक, मुख्य बाजार, गुदरी चौक एवं बैंक चौक होते हुए पुनः नाथ बाबा मंदिर प्रांगण में समापन किया गया. शोभायात्रा के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. एसडीएम पंकज कुमार घोष, एसडीपीओ अविनाश कुमार,बीडीओ गुलजारी कुमार पंडित तथा थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रहे और जुलूस के साथ पूरे नगर परिषद का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह पेयजल, शरबत एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे लोगों को काफी राहत मिली. इस दौरान नगरवासियों ने भी जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर वातावरण को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा.
रामजानकी सेवा समिति ने निकाली शोभायात्रा
रामजानकी सेवा समिति ने निकाली शोभायात्रा
