पीएम इंटर्नशिप योजना शिक्षित युवाओं के लिए है बड़ा मौका : ईओ

पीएम इंटर्नशिप योजना शिक्षित युवाओं के लिए है बड़ा मौका : ईओ

मधेपुरा.

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के प्रचार-प्रसार व आवेदन प्रक्रिया को लेकर बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता मधेपुरा नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी ने की. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना शिक्षित युवाओं के लिए बड़ा मौका है. उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य 21 से 24 वर्ष तक के बेरोजगार शिक्षित युवाओं को अवसर प्रदान करना है. योजना के तहत 21 से 24 वर्ष तक के युवाओं को रोजगार के माहौल में एक साल तक प्रशिक्षण मिलेगा. पीएम इंटर्नशिप योजना में भाग लेने वाले युवाओं को एक वर्ष तक नौकरी के माहौल में काम करने का मौका मिलेगा, जिससे वह अपने क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव व कौशल प्राप्त करेंगे. इस दौरान उन्हें प्रत्येक माह पीएम इंटर्नशिप के लिए पांच हजार रुपये की मासिक सहायता दी जायेगी और एकमुश्त छह हजार रुपये के रूप में कुल 66 हजार रुपये की सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जायेगी. इसके अलावा चयनित लाभार्थियों को बीमा कवरेज की सुविधा भी प्रदान की जायेगी. बैठक में उपस्थित नगर मिशन प्रबंधक ई राजीव रंजन ने बताया कि पीएम इंटर्नशिप योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है. इसमें शैक्षणिक योग्यता के रूप में माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, आइटीआइ, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए, बीबीए, बीफार्मा आदि धारकों को पात्र माना गया है, जो युवाओं को मूल्यवान इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करती है. यह योजना युवाओं को शैक्षिक ज्ञान व वास्तविक दुनिया के अनुभव के बीच का अंतर पाटने का अवसर देती है. जिससे वह भविष्य में अधिक सक्षम व सशक्त बन सके. इस योजना के माध्यम से इंटर्न को व्यावहारिक अनुभव व आवश्यक कौशल प्रदान किया जायेगा. आवेदन के लिए मधेपुरा नगर परिषद कार्यालय में हेल्प डेस्क बनाया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >