MADHEPURA : एक माह से लापता किशोरी का सुराग नहीं
थाना क्षेत्र से 23 मार्च को लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
मुरलीगंज (मधेपुरा) से संजय कुमार की रिपोर्ट :
थाना क्षेत्र से 23 मार्च को लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की जांच बेनतीजा रहने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के दिन सुबह जब घर के लोग जागे तो किशोरी लापता थी. काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो 24 मार्च को थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. परिजनों ने सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के रौता वंशी गांव निवासी एक युवक पर बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से अपहरण करने का आरोप लगाया है. परिजनों का आरोप है कि शुरुआती दिनों में पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन समय बीतने के साथ मामला ठंडा पड़ता नजर आ रहा है. बेटी की तलाश में परेशान मां-बाप आज भी न्याय की उम्मीद में थाने का चक्कर काट रहे हैं.
माता-पिता का कहना है कि न तो अब तक कोई ठोस जानकारी मिल पाई है और न ही बच्ची की बरामदगी हो सकी है. इससे परिवार भय और अनिश्चितता के माहौल में जीने को मजबूर है. मां ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ कोई अनहोनी भी हो सकती है. स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर चिंता बढ़ रही है. उनका कहना है कि नाबालिग के लापता होने जैसे गंभीर मामलों में समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. वहीं, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. संबंधित जांच अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं और जल्द ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.