उदाकिशुनगंज. सांसद दिनेश चंद्र यादव ने उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 पहुंचकर वार्ड पार्षद रमण कुमार राणा व उनके परिजनों से मुलाकात की तथा मृतक हिमांशु बिहारी के निधन पर संवेदना व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. मौके पर परिजनों ने सांसद को बताया कि हिमांशु बिहारी की मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई है. उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच होने पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई संभव हो पाएगी. परिजनों की बात सुनने के बाद सांसद ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जायेगा तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए अत्यंत दुखद क्षण है और इस कठिन समय में वे पूरी संवेदना के साथ उनके साथ खड़े हैं. उन्होंने परिजनों से धैर्य व साहस बनाये रखने की अपील की. मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव, भाजपा नेता अमोल राय, सुजीत मेहता, बबलू यादव, अजय मंडल, कमलेश्वरी मेहता, नवल यादव, संतोष मंडल आदि उपस्थित थे.
सांसद ने मृतक के परिजनोंं से मिलकर जताया शोक
निष्पक्ष जांच का दिलाया भरोसा
