शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम, एनएच-107 पर हादसे में दो युवकों की मौत

युवक की पहचान विक्की राम के रूप में हुई है, जो सुधीर के रिश्तेदार बताये जा रहे हैं.

मुरलीगंज

सहरसा–पूर्णिया एनएच-107 पर मधेपुरा एवं पूर्णिया जिला की सीमा के पास चैनपुरा गांव के समीप मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ट्रक (एनएल 01एबी6220) आधा सड़क पर एवं आधा नीचे खड़ा था, जो पूर्णिया की ओर जाने के लिए लगा हुआ था. इस दौरान मुरलीगंज से जानकीनगर की ओर जा रही तेज रफ्तार हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक (बीआर 11एआर 1913) अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान मुरलीगंज नगर पंचायत वार्ड संख्या 10 निवासी मनोज राम के पुत्र सुधीर कुमार राम के रूप में हुई है. वहीं दूसरे युवक की पहचान विक्की राम के रूप में हुई है, जो सुधीर के रिश्तेदार बताये जा रहे हैं. विक्की राम नारायणपट्टी मुरहो निवासी सचेंद्र राम के पुत्र थे.

– घर में थी शादी की खुशियां, पल भर में छा गया मातम-

घटना के संबंध में मृतक सुधीर के पिता मनोज राम ने बताया कि उनके घर में छोटी बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था. इसी बीच उनका बेटा सुधीर किसी जरूरी काम से अपने ससुराल जानकीनगर थाना क्षेत्र के मधुबन गांव जा रहा था. उन्होंने बताया कि सुधीर के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. पांच साल का बेटा एवं मात्र 21 दिन की नवजात बेटी. शादी के माहौल के बीच हुये इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. जहां घर में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अचानक मातम छा गया. घटना के बाद परिजन जानकीनगर थाना पहुंचे, जहां से शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों द्वारा आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >