रहटा फनहन में चार एकड़ भूमि पर बनेगा बस स्टैंड, एनओसी जारी

एनओसी प्राप्त हो चुका है. अब आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा

– नगर परिषद की पहल से मिला अनापत्ति प्रमाण पत्र, जल्द शुरू होगी निर्माण प्रक्रिया-

प्रतिनिधि,

उदाकिशुनगंज

नगर परिषद क्षेत्र के रहटा फनहन में चार एकड़ भूमि पर बस स्टैंड निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. इसको लेकर संबंधित विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया गया है. एनओसी मिलने के बाद अब बस स्टैंड निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद तेज हो गयी है. जानकारी के अनुसार उदाकिशुनगंज नगर परिषद द्वारा लंबे समय से बस स्टैंड निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा था. इसके लिये रहटा फनहन में करीब चार एकड़ भूमि का चयन किया गया था. भूमि उपलब्धता और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद अब विभागीय स्तर से एनओसी जारी कर दी गई है, जिससे परियोजना को गति मिलेगी. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि बस स्टैंड के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल बसों के ठहराव के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है. नए बस स्टैंड के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा. उन्होंने कहा कि बस स्टैंड निर्माण के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. एनओसी प्राप्त हो चुका है. अब आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि आम लोगों को जल्द सुविधा मिल सके. उन्होंने आगे बताया कि प्रस्तावित बस स्टैंड में यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल, पार्किंग सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म भी बनाए जाएंगे. मुख्य पार्षद प्रतिनिधि कर्ण कुमार उर्फ टीपू मिश्रा ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बस स्टैंड बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा यह लंबे समय से लंबित मांग थी. बस स्टैंड बनने से व्यापार और आवागमन दोनों को बढ़ावा मिलेगा. उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि जॉनसन दास ने कहा कि उदाकिशुनगंज नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए जल्द ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी. सब कुछ तय समय पर हुआ तो आने वाले दिनों में उदाकिशुनगंज को एक व्यवस्थित और आधुनिक बस स्टैंड की सौगात मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >