Helmet Checking: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है. मंगलवार को थाना गेट के समीप विशेष हेलमेट जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे 50 बाइक चालकों का चालान काटते हुए कुल 57 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
हेलमेट जीवन सुरक्षा का सबसे बड़ा साधन
थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण लोगों की जान चली जाती है, जबकि हेलमेट ऐसी दुर्घटनाओं में सुरक्षा कवच का कार्य करता है.
नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई
जांच अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे बाइक चालक मिले, जिन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था. पूछताछ में अधिकांश लोगों ने जल्दबाजी या हेलमेट घर पर छूट जाने की बात कही. सभी नियम उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऑनलाइन चालान किया गया.
प्रतिदिन चलेगा अभियान
Helmet Checking: थानाध्यक्ष ने बताया कि उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में प्रतिदिन वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा. विशेष रूप से एसएच-58, एसएच-91 और एनएच-106 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं एवं बढ़ती मौतों को देखते हुए पुलिस सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करा रही है.
लोगों से की गई अपील
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट अवश्य पहनाएं. पुलिस का कहना है कि जुर्माना वसूलने का उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है.अभियान में दरोगा संदीप मरांडी, सनोज कुमार, गौरव कुमार, धनंजय कुमार गुप्ता सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद रहे.
ALSO READ: बारिश ने खोली नगर परिषद की पोल, शास्त्री नगर वार्ड-19 में कई दिनों से सड़क पर जमा है गंदा पानी
