मधेपुरा समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने की. जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 60 आवेदन प्रस्तुत किए.
भूमि, राजस्व और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामले पहुंचे
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, लोक शिकायतों तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मामलों को अपर समाहर्ता के समक्ष रखा गया. सभी आवेदनों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गयी.
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश
अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिये.
जनसुनवाई का उद्देश्य त्वरित समाधान
उन्होंने कहा कि साप्ताहिक जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है. प्रशासन की प्राथमिकता है कि लोगों को उनकी शिकायतों का समय पर न्याय मिले और उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें.
आवेदनों के निष्पादन को दी प्राथमिकता
अपर समाहर्ता ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करें तथा आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का भी निर्देश दिया.
