Flood Alert: आलमनगर (मधेपुरा). प्रखंड के दक्षिणी हिस्से से होकर गुजरने वाली कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. गंगापुर, रतवारा और खापुर पंचायत के कई गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं, जिससे जनजीवन और खेती-किसानी पर व्यापक असर पड़ा है.
कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
गंगापुर पंचायत के पीपरपांती, पैंकात टोला, बलहा बासा, अठगामा महादलित टोला, रतवारा पंचायत के जागीर शिव मंदिर के पास, पूर्वी छतौना वासा, भवानीपुर पुर वासा, छतौना वासा, मुरौत निषाद टोला, अठगामा टोला तथा खापुर पंचायत के मलिया डीह और दो कट्ठीया सहित कई गांव बाढ़ के पानी से घिर चुके हैं.
सैकड़ों एकड़ धान की फसल जलमग्न
बाढ़ का सबसे अधिक नुकसान किसानों को हुआ है. रतवारा, खापुर और गंगापुर पंचायत के सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई है. किसान गोपाल शर्मा, राबो यादव, भीम मंडल, संतोष मंडल, मोहन शर्मा, जगदीश मंडल, रंजीत मंडल और पिंटू सिंह सहित अन्य किसानों ने बताया कि पटवन और बुवाई पर भारी खर्च करने के बाद अब फसल बचने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है.
पशुपालकों के सामने चारे का संकट
बाढ़ के कारण खेतों में पानी भर जाने से हरी घास उपलब्ध नहीं हो रही है. इससे पशुपालकों के सामने चारे की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. कई लोग अपने मवेशियों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं.
पानी से घिरा विद्यालय, पढ़ाई प्रभावित
खापुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय मलियाडीह पूरी तरह पानी से घिर गया है. शिक्षकों और विद्यार्थियों को पानी के बीच होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है. अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए विद्यालय को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है.
22 नावों से कराया जा रहा आवागमन
Flood Alert: अंचलाधिकारी अंकेश कुमार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल 22 नावों का परिचालन कराया जा रहा है. प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और जलस्तर की जानकारी वरीय अधिकारियों को भेजी जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
