कुमारखंड
प्रखंड के बेलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलारी पंचायत के गैंगारही वार्ड संख्या चार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जहां अवैध संबंध के संदेह में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी. घटना रविवार की देर रात की बतायी जा रही है. मृतिका की पहचान सुरेश ऋषिदेव की पत्नी 38 वर्षीय त्रिफुल देवी के रूप में की गयी है. पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.जानकारी के अनुसार आरोपी पति ने रात के करीब 12 बजे उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब घर में सभी बच्चे सो रहे थे. बताया जा रहा है कि उसने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेतकर हत्या कर दी. हत्या के बाद सबूत छुपाने की नीयत से उसने शव को घर से लगभग दो सौ मीटर दूर बांस की झाड़ी में गड्ढा खोदकर दफना दिया. घटना के पीछे का कारण पति द्वारा पत्नी पर अवैध संबंध का संदेह बताया जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई महीनों से पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद एवं तनाव चल रहा था. शनिवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जो अंततः इस जघन्य हत्या में बदल गयी. सोमवार सुबह जब बच्चों की नींद खुली तो उन्होंने अपनी मां को घर में नहीं पाया. घबराये बच्चों ने अपनी मां के लापता होने की सूचना भर्राही थाना क्षेत्र के धुरगांव वार्ड संख्या आठ निवासी अपने मामा उमाचंद ऋषिदेव को दी. सूचना मिलते ही मामा मौके पर पहुंचे एवं आसपास छानबीन शुरू की. खोजबीन के दौरान स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि महिला की हत्या कर शव को पास की झाड़ी में दफनाया गया है. इसके बाद मृतका के भाई ने बेलारी थाना में लिखित आवेदन देकर अपने बहनोई सुरेश ऋषिदेव पर हत्या का आरोप लगाया.
पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची एवं बताये गये स्थान से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस संबंध में बेलारी थानाध्यक्ष वरुण कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा घटना स्थल से साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भय व आक्रोश का माहौल है.