– गत बैठक की संपुष्टि में बैठक के प्रस्ताव पंजी को 15 दिन पूर्व उपलब्ध नहीं कराने को लेकर जतायी नाराजगी –
मधेपुरा.
नगर परिषद मधेपुरा में बजट समेत कई मुद्दों पर सोमवार को सामान्य बोर्ड की बैठक 21 वार्ड पार्षदों बहिष्कार की वजह से नहीं हो सकी. इन वार्ड पार्षदों का आरोप है कि जनहित की जगह लूटहित की बात हो रही है. अंतिम बैठक अगस्त 2025 में हुई थी, लेकिन अभी तक प्रस्ताव पंजी की कॉपी उपलब्ध नहीं कराना घोर अनियमित्ता है. अपने मर्जी से उसमें फेर-बदल कर काम किया जा रहा है. जबकि प्रस्तावित बजट की कॉपी भी बैठक से 15 दिन पहले सभी पार्षदों को विचार विमर्श के लिये दिया जाना चाहिये था, वह भी उपलब्ध नहीं कराया गया है. बहिष्कार करने वाले वार्ड पार्षदों में मनीष कुमार मिंटू, मो इसरार, प्रमोद प्रभाकर, रामनारायण कनौजिया, अशोक कुमार यादव, कल्याणी कुमारी, रीता कुमारी, अजय कुमार ठाकुर, मंजु देवी, विमल देवी, कंचन कुमारी, विशनी देवी, रेणु देवी, माला देवी, नुजहत प्रवीण, अनिता भारती, मेघा कुमारी, कुमारी रूबी, वार्ड नंबर 13 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि टुनटुन यादव आदि शामिल रहे. नगर परिषद से निकल कर वार्ड पार्षदों ने मनीष कुमार मिंटू के आवास पर एकत्रित होकर आगामी संघर्ष हेतु रूप रेखा तैयार किया.
– उपमुख्य पार्षद ने कहा कि नियम कानून को ताक पर रख कर किया जा रहा काम –
नगर परिषद उप मुख्य पार्षद पुष्पलता कुमारी ने मुख्य पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी नियम कानून को ताक पर रख कर काम किया जा रहा है. बजट प्राक्कलन के संबंध में सशक्त स्थायी समिति का उप सभापति होने पर भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. वित्तीय नियमावली का उल्लंघन किया जा रहा है. डीएम, कमिशनर एवं प्रधान सचिव नगर विकास एवं आवास विभाग को पत्र भेज कर तुरंत हस्तक्षेप का आग्रह किया है. उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों को भी पत्र भेजकर मधेपुरा नगर परिषद की अनियमितताओं के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की है.
