तीन जिलों को जोड़ने वाली भटगामा जीरोमाइल से ढोलबज्जा सड़क का होगा चौड़ीकरण: मंत्री

तीन जिलों को जोड़ने वाली भटगामा जीरोमाइल से ढोलबज्जा सड़क का होगा चौड़ीकरण: मंत्री

चौसा. बिहार के पथ निर्माण मंत्री सह उद्योग मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल चौसा प्रखंड अंतर्गत भटगामा जीरोमाइल होते हुए ढोलबज्जा पहुंचे, जहां उन्होंने जिला परिषद सदस्य नंदनी सरकार के पिता समाजसेवी नागेंद्र सरकार के निधन के बाद श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौजूद थे. मौके पर जिला पार्षद नंदनी सरकार, मुखिया पंकज जायसवाल, जदयू नेता प्रशांत भवेश कुमार कन्हैया, भाजपा नेता रामनरेश जायसवाल, शशि पोद्दार आदि ने मंत्री को आवेदन सौंपा. आवेदन में तीन जिलों को जोड़ने वाली सड़क भटगामा जीरोमाइल से भागलपुर के ढोलबज्जा होते हुये पूर्णिया जिले के विजय लालगंज तक सड़क चौड़ीकरण तथा बाबा विशुराउत सेतु के संपर्क पथ खैरपुर कदवा से मोहनपुर तक सड़क चौड़ीकरण की मांग की. मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुये मौके पर उपस्थित कार्यपालक अभियंता को सड़क चौड़ीकरण करने का आदेश दिया. मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय विकास में सुदृढ़ सड़क संपर्क की अहम भूमिका होती है और सरकार इस दिशा में ठोस पहल कर रही है. उन्होंने आश्वस्त किया कि भटगामा जीरोमाइल से शुरू होने वाले इस सड़क परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जायेगा, जिससे तीनों जिलों के लोगों को आवागमन में सीधा लाभ मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >