– पंचायत योजनाओं में धांधली का आरोप, ग्रामीण ने अधिकारियों से लगाई गुहार- उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के बुधमा पंचायत के मुखिया पंकज कुमार सिंह पर अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये गये हैं. इस संबंध में पंचायत के बैजनाथपुर गांव निवासी सूर्य नारायण साह ने बीडीओ, एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों को आवेदन देकर जांच व कार्रवाई की मांग की है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुखिया ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने सगे-संबंधियों और चहेते लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया है. साथ ही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में व्यापक स्तर पर धांधली बरती गई है. आवेदन में कहा गया है कि पंचायत में सार्वजनिक शौचालय, वाटर फिल्टर, सोलर (स्ट्रीट) लाइट, सामुदायिक भवन समेत अन्य विकास कार्यों में अनियमितता हुई है. स्कूल और अस्पताल की चारदीवारी निर्माण में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है, जहां निर्माण के साथ ही दीवार टूटने लगी है. इसके अलावा कई योजनाएं अधूरी पड़ी हैं, जबकि कुछ कार्यों को कागज पर ही पूर्ण दिखा दिया गया है. आवास योजना, शौचालय, सड़क और नल-जल योजना में भी गड़बड़ी की बात कही गई है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बिना उचित प्रक्रिया और वार्ड सदस्यों की सहमति के योजनाओं का क्रियान्वयन किया गया है. पीसीसी ढलाई निर्माण कार्य में भी प्राक्कलन के अनुरूप काम नहीं होने तथा योजनाओं के कागजी संचालन का आरोप लगाया गया है. आवेदन में पंचायत में अब तक हुए सभी विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है. वहीं मुखिया पंकज कुमार सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताया है. उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप निराधार हैं और जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी.
मुखिया पर लगा अनियमित्ता का आरोप, जांच की उठी मांग
अलावा कई योजनाएं अधूरी पड़ी हैं, जबकि कुछ कार्यों को कागज पर ही पूर्ण दिखा दिया गया है.
