MADHEPURA बदलते मौसम में बुधामा सेंटर बना लोगों का सहारा, गांवों से पहुंच रहे मरीज
उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के बुधामा स्थित आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में इन दिनों बदलते मौसम का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है.
उदाकिशुनगंज, मधेपुरा से कौनैन बशीर की रिपोर्ट :
उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के बुधामा स्थित आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में इन दिनों बदलते मौसम का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी, खांसी, बुखार, बदन दर्द सहित अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. बुधवार को सेंटर पर दर्जनों मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जहां डॉ. शकील अख्तर की देखरेख में सभी मरीजों का समुचित जांच कर दवा उपलब्ध कराई गई. सेंटर पर सुबह से ही मरीजों की भीड़ लगी रही. दूर-दराज के गांवों से आए लोगों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज कराया. डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों को जरूरी परामर्श भी दिया गया, ताकि वे बदलते मौसम में बीमारियों से बचाव कर सकें. इस संबंध में सीएचओ डॉ. शकील अख्तर ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़े हैं. उन्होंने कहा कि इन दिनों सर्दी-खांसी, बुखार और एलर्जी से संबंधित मरीज अधिक संख्या में आ रहे हैं. सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं और सावधानी बरतने की सलाह भी दी जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतें, साफ-सफाई का ध्यान रखें, ठंडे-गर्म से बचें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच अवश्य कराएं. स्थानीय चंदन कुमार झा,सबिता कुमारी,सरोज कुमारी,मनौव्वर हुसैन,किशोर कुमार आदि लोगों ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर नियमित रूप से डॉक्टर की उपस्थिति और मुफ्त दवा मिलने से उन्हें काफी राहत मिल रही है. मरीजों को अब छोटे-मोटे इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है.