कुमारखंड (मधेपुरा) : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन के दौरान जमा किये गये नामांकन फॉर्म का प्राप्ति रसीद नहीं मिलने पर अभ्यर्थियों एवं उनके समर्थकों ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में उग्र होकर हंगामा शुरू कर दिया. इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने नामांकन प्रक्रिया का फोटोग्राफी कर रहे फोटोग्राफर के साथ मारपीट भी की.
हालांकि अधिकारियों ने तुरंत रसीद देने की बात कह हंगामा को शांत करवाया. लेकिन पुन: थोड़ी देर बाद रसीद नहीं मिलने पर लोग हंगामा पर उतर आये. बाद में सदर एसडीएम संजय कुमार निराला व एएसपी राजेश कुमार ने वहां पहुंच कर समझा बुझा कर प्रत्याशियों को शांत करवाया. अधिकारी द्वय ने देर शाम पाबती रसीद देने का कार्य शुरू करवा कर स्थिति को कंट्रोल में किया.
ब्लॉक के सामने किया जाम
कुमारखंड में कुव्यवस्था के बीच चौथे दिन की नामांकन प्रक्रिया खत्म हुई. नामांकन के दौरान निर्धारित समय सीमा जैसे ही समाप्त हुआ तथा बीडीओ मणिमाला कुमारी व पदाधिकारी के द्वारा ये कहने पर कि कल आकर रसीद ले लें लोग अचानक उग्र हो गये.
इसके बाद उग्र लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी तथा कुछ देर के लिए ब्लॉक मुख्यालय के सामने रोड को भी जाम कर दिया. साथ ही आक्रोशित लोगों ने भीड़ का फोटो खिंच रहे वीडियोग्राफर के साथ मारपीट भी की. इसी बीच पदाधिकारी के समझाने और रसीद दिए जाने की बात कहे जाने पर लोग शांत हुए पर थोडी देर बाद ही पुन: लोग रसीद नहीं मिलने से भडक उठे.
इसी बीच डीएम ने सूचना मिलते ही बीडीओ से बात की तथा कुछ देर बाद एसडीओ संजय निराला, एएसपी राजेश कुमार मौके पर पहुंच कर जायजा लिया तथा रसीद देने की प्रक्रिया चालू करवाकर मामला शांत करवाने में सफल रहे.
मौके पर बिहारीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार टू, मुरलीगंज थानाध्यक्ष राजेष कुमार भी पहुंच गये. इस अवसर पर सीओ मनोज वर्णवाल, कुमारखंड थानाध्यक्ष महेश रजक, बेलारी ओपी अध्यक्ष महेश कुमार यादव, भतनी ओपी अध्यक्ष रणवीर राउत, श्रीनगर थानाध्यक्ष पवन पासवान सहित पुलिस पदाधिकारी व पुलिसबल मौजूद थे.
