पहले दिन 28 ने भरा परचा
कुमारखंड प्रखंड में गुरुवार को नामांकन दाखिल करने का कार्य प्रारंभ हो गया. प्रखंड कार्यालय परिसर में चार अलग-अलग भवन में कक्ष बनाया गया है. पहले दिन एआरओ के सामने विभिन्न पदों के 28 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पत्र भरा.
कुमारखंड : कुमारखंड प्रखंड में मुखिया व सरपंच पद के उम्मीदवारों ने सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी चंदन कुमार के सामने,
समिति पद के उम्मीदवारों ने एआरओ सह बीईओ नवलकिशोर सिंह के सामने, वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवारों ने एआरओ सह बीएओ तरूण मिश्रा के सामने तथा पंच पद के उम्मीदवारों ने बीसीओ सह एआरओ अमीत साहा के सामने अपना अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मणिमाला कुमारी की देख रेख में चल रहे नामांकन कार्य के दौरान कुल 28 उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये.
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद रही. कुमारखंड थानाध्यक्ष महेश कुमार रजक, बेलारी ओपीध्यक्ष महेश कुमार यादव, एसआई बीएन झा, एएसआई राजकिशोर यादव समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद दिखे. पहले दिन मुखिया पद पर 10, सरपंच पद पर 3, पंचायत समिति सदस्य पद पर 4, वार्ड पंच पद पर 5 व वार्ड सदस्य पद पर 6 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया.
