धूल के गुबार में गुम हुआ सुहाना सफर
सिंहेश्वर में रोड संख्या 18 पर थाना से बाजार तक सड़क की पीचिंग नहीं होने के कारण धूल उड़ने की समस्या से लोग परेशान हैं. इसी सड़क पर मौजूद है थाना व प्रखंड कार्यालय सहित अन्य कार्यालय इसके बावजूद अधिकारी इसकी मरम्मत का संज्ञान नहीं ले रहे हैं.
सिंहेश्वर : जिले की धार्मिक नगरी सिंहेश्वर में प्रखंड मुख्यालय से हो कर गुजरने वाली महत्वपूर्ण सड़क रोड नंबर 18 के अधबने हिस्से पर धूल ही धूल होने से लोग बुरी तरह परेशान हैं. न रोड को बनाया जा रहा है और न रोड पर धूल न हो इसके लिए किसी प्रकार का कोई इंतजाम ही किया जा रहा है. जैसे – जैसे वसंत का महीना परवान चढ़ता जा रहा है पछुवा हवा भी जोर पकड़ती जा रही है.
रोड संख्या 18 के इस अधबने हिस्से पर धूल ही धूल होने के कारण इस सड़क से गुजरना काफी मुश्किल हो गया है. विगत दो साल पहले यह सड़क सिंहेश्वर मुख्य बाजार से बिरेली बाजार से आगे तक बनना शुरू हुआ. बनाया भी गया लेकिन सिंहेश्वर थाना से सिंहेश्वर बाजार तक करीब एक किलोमीटर की दूरी तक यह सड़क नहीं बनी. रोड जर्जर स्थिति में है. इसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान, लोग हो रहे परेशान
यात्रियों और दुकानदारों को होती है परेशानी
इस सड़क पर बिल्डिंग मटीरियल की दुकान संचालक राजेश कुमार कहते हैं कि केवल एक किमी सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं. पछुवा हवा के कारण धूल दुकान में आ जाता है. दिन भर की दुकानदारी भी काफी मुश्किल हो गयी है. वहीं थाना के पास स्थित मोहल्ला निवासी समाजसेवी रंजीत कुमार कहते हैं
कि अब तो दिन में किसी काम से बाहर निकलना हो तो रूह कांप जाती है. आंख धूल से भर जाता है. एक बार बाहर निकलने का मतलब है घर लौट कर फिर से स्नान करना. शिक्षिका कंचन देवी का घर इसी सड़क पर है.
