मधेपुरा : आम धारणा बन गयी है कि सरकारी कार्यालयों में कार्यों का निष्पादन समय पर नहीं होता है. आवश्यक कार्यों से लोग कार्यालयों का चक्कर लगाते रहते हैं. कार्यालयों में लंबित मामलों की फेरिहस्त लंबी है. प्रभात खबर ने आम जनता के दर्द को बखूबी समझा और इसका सच जानने की कोशिश की.
आखिर कार्यालयों में हो क्या रहा है? कार्यालय खुल रहे हैं या नहीं, पदाधिकारी व कर्मी पहुंच रहे हैं या गायब हैं. प्रभात खबर टीम ने शनिवार को जिला मुख्यालय के अमूमन सभी कार्यालयों का जायजा लिया. प्रभात खबर की इस लाइव रिपोटिंग में कई चौंकाने वाली बात सामने आयी. दिन के 10 बज कर 15 मिनट पर प्रभात लाइव शुरू हो गया.
दिन के साढ़े दस बजे तक समाहरणालय परिसर स्थित अधिकतर कार्यालयों का ताला खुल गया था. लेकिन, एडीएम कार्यालय के अलावा दो अन्य कार्यालय का दिन भर ताला खुला ही नहीं. वहीं निर्वाचन शाखा, सामान्य शाखा, जिला प्रोग्राम कार्यालय सहित अन्य कार्यालय में कर्मी नदारद दिखे, कुर्सियां खाली देखी गयी.
हालांकि, कार्यालयों में मौजूद कर्मियों ने अनुपस्थित कर्मियों का बचाव करते हुए कहा कि बड़ा बाबू अभी-अभी बाहर चाय पीने गये हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दिन के दो बजे तक समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी को छोड़ कर अन्य पदाधिकारी को नहीं देखा गया. जिला पदाधिकारी मो सोहैल निर्धारित समय पर अपने वेश्म में पहुंच चुके थे. लेकिन जिला पदाधिकारी के मुख्यालय में रहते अन्य पदाधिकारी की अनुपस्थिति हैरत में डाल रही थी.
जिला मुख्यालय के अन्य कार्यालयों में दिन के 11 बजे तक ताला खुला ही नहीं था. वहीं दिन के तीन बजे वहां किसी का अता पता भी नहीं देखा गया. — दिन के 12 बजे विद्युत कार्यालय — दिन के 12 बजे विद्युत कार्यालय में कार्यपालक अभियंता अपने दैनिक कार्यों का निष्पादन कर रहे थे. सहायक अभियंता जय नारायण अन्य कर्मियों के साथ क्षेत्र में थे.
वहीं एक पदाधिकारी के साथ कई कर्मी अनुपस्थित थे. हालांकि, कार्यपालक अभियंता ने कहा कि अनुपस्थित पदाधिकारी व कर्मी आवश्यक कार्यों से बाहर गये है. इस दौरान देखा गया कि गलत बिजली बिल को सुधार कराने के लिए कई लोग इधर उधर भटक रहे है, उनका सुनने वाला वहां कोई नहीं था.
दिन के 12:15 में जिला कृषि कार्यालय जिला कृषि कार्यालय में जिला कृषि पदाधिकारी व कृषि समन्वयक मिथिलेश क्रांति अन्य कर्मियों के साथ मौजूद थे.
कार्यालय के प्रधान सहायक कार्यालय कार्य से सहरसा में थे. वहीं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी के कार्यालय में ताला लटक रहा था. इस कार्यालय के बगल में एक महिला कर्मी सोयी हुई थी.
वहीं दो अन्य कर्मी अनुपस्थित थे. हालांकि सहायक दुर्गेश कुमार उपस्थित थे. मौके पर अनुपस्थित सहायक राजीव रंजन पर खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने स्पष्टीकरण देने की बात कही.
माप तौल विभाग में दिन भर लटका रहा ताला जिला कृषि कार्यालय के भवन में स्थित माप तौल विभाग में दिन के 12:25 में ताला लटक रहा था.
यहां शनिवार को दिन भर ताला लटका रहा है. मौके पर उपस्थित कर्मी ने बताया कि माप तौल विभाग के पदाधिकारी का स्थानांतरण होने के कारण विभाग का ताला नहीं खोला गया है. वहीं इसके बगल में जेपीपीओ कक्ष में ताला लटक रहा था. दिन के 12:35 में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता अन्य कर्मियों के साथ कार्यालय कार्यों का निष्पादन करते दिखे.
दिन के 12:50 में नगर परिषद व डूडा दिन के 12:50 में नगर कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी के अलावा नाजिर दीपक कुमार, सहायक मो सलाम, लेखापाल समरजीत कुमार एवं कर्मी मो सादीर उर्फ भोला, गौरी शंकर व सच्चिदानंद यादव को कार्य करते देखा गया. वहीं डूडा में दो कनीय अभियंता के साथ कर्मी मौजूद थे.
हालांकि कार्यपालक अभियंता के दो प्रभार रहने के कारण कार्यपालक अभियंता कार्यालय में नहीं थे. दिन के 1:15 में जिला पशु अस्पताल जिला पशु अस्पताल में चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यालय में ताला लटक रहा था. हालांकि प्रभारी पदाधिकारी कार्यालय से बाहर खुले आसमान के नीचे धूप सेंक रहे थे.
वहीं कार्यालय के दो कर्मियों को छोड़ कर अन्य कर्मी उपस्थित थे. दिन के 1:10 में अनुमंडल कार्यालय दिन के 1:10 में अनुमंडल पदाधिकारी का कार्यालय बंद था. हालांकि सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार निराला के स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी में जाने के कारण डीसीएलआर अनुमंडल पदाधिकारी के प्रभार में हैं. वह शस्त्रों का भौतिक सत्यापन कर रहे थे.
कार्यालय में स्टेनो विमल झा, प्रधान सहायक के अलावा अन्य कर्मी मौजूद थे. — पथ निर्माण विभाग व ग्रामीण कार्य विभाग में पसरा था सन्नाटा जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पथ निर्माण व ग्रामीण कार्य विभाग में शनिवार को सन्नाटा पसरा हुआ था. इन कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों की संख्या में दर्जनों में बतायी जा रही है. दिन के 01:15 में ग्रामीण कार्य विभाग सूना सूना सा दिखा. यहां एक मात्र कर्मी कार्यों को निबटा रहे थे.
हालांकि उपस्थित कर्मी ने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी बैठक में भाग लेने पटना गये है. वहीं पथ निर्माण विभाग में कहने के लिए दो दर्जन से अधिक कर्मी नियुक्त है. लेकिन दिन के 1:30 में गिनती के मात्र चार कर्मी मौजूद थे.
इसके अलावा सब डिवीजन में दो कर्मी उपस्थित थे बांकी कर्मियों का अता पता नहीं था. दोनों जगह कार्यपालक अभियंता के कार्यालय में ताला लटक रहा था. उपस्थित कर्मी ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी पटना गये हैं.
काडा व लघु सिंचाई में कर्मी उपस्थित पदाधिकारी गायब जिला मुख्यालय स्थित काडा कार्यालय में दिन के 1:45 में दस कर्मी उपस्थित थे और दो कर्मी अनुपस्थित. हालांकि यहां सभी पदाधिकारी गायब थे.
वहीं दिन के 1:55 में भवन निर्माण विभाग में कार्यपालक पदाधिकारी, लेखापाल एवं नाजिर के अलावा अन्य कर्मी कार्यरत दिखे. ——– लघु सिंचाई विभाग भी लघु निकला — दिन के 2:15 में लघु सिंचाई विभाग में कार्यपालक अभियंता के कार्यालय में ताला लटक रहा था.
यहां उपस्थित लेखापाल सुमन कुमार सिंह एवं लेखा लिपिक राजेश कुमार राय ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी बैठक में गये है.
दिन के ढ़ाई बजे सर्वशिक्षा कार्यालय में लटक रहा था ताला दिन के 2.30 बजे सर्वशिक्षा में सभी कार्यालय में ताला लटक रहा था. जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में दो कर्मी देख गये. वहीं सर्वशिक्षा में अनुसेवक राहुल कुमार एक रूम में कार्य कर रहा था. राहुल कुमार ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी बद्री नारायण मंडल के छुट्टी में रहने के कारण माध्यमिक शिक्षा व सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिव शंकर राय प्रभार में हैं.
वहीं माध्यमिक शिक्षा में अधिकांश कर्मी नदारद दिखे. इस संबंध में कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि कर्मी के साथ बैठक में हैं. वर्जन एडीएम अबरार अहमद कमर पटना गये है. समाहरणालय के अलावा मुख्यालय के जिन विभाग व कार्यालयों में ताला लटक रहा था और जहां पदाधिकारी व कर्मी गायब थे.
इन सब के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी. कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जायेगा.- मो सोहैल, जिलाधिकारी, मधेपुरा
