मधेपुरा : न्याय के साथ विकास सरकार का मुख्य उद्देश्य है. इस उद्देश्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना होगा. यह बातें बीएन मंडल स्टेडियम में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए सूबे के आपदा प्रबंधन मंत्री प्रो चंद्रशेखर ने कही. उन्होंने कहा कि लाभुकों को दलाल से सावधान रहना है.
मंत्री ने कहा कि दलालों के खिलाफ शिकायत मिले तो सीधे प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजें. जब तक माफिया व दलाल को जेल नहीं भेजा जायेगा, व्यवस्था में सुधार नहीं हो सकता है. इससे पहले बंदोबस्ती व बासगीत परचा वितरण शिविर का उद्घाटन मंत्री ने लाभुकों के बीच परचा वितरण कर किया. शिविर की अध्यक्षता डीएम मो सोहेल ने की.
वहीं संचालन सदर एसडीएम संजय कुमार एवं उदाकिशुनगंज एसडीएम मुकेश कुमार ने किया. मौके पर मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है. लेकिन आपदा विभाग में आज भी कई विसंगतियां है. जिसे दूर करने की जरूरत है. जिसमें विस्थापित लोगों के पूर्णवास का मामला हो या पहले से बेहतर कोसी देने का संकल्प.
उन्होंने कहा कि पहले महादलितों को तीन डिसमील जमीन दी जाती थी, लेकिन अब सरकार महादलितों को बसाने के लिए पांच डीसमील जमीन मुहैया करा रही है. उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि यह जमीन बेचने वाले वाले और इसे खरीदने वाले दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी और उसे जेल भेजा जायेगा.
इसलिए बंदोबस्ती व बास गीत परचा वाली जमीन न कोई और न ही इसे बेचे. शिविर को राजद प्रखंड अध्यक्ष तेजनारायण यादव, जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अशोक चौधरी सहित अन्य राजद व जदयू के वरीय नेता ने संबोधित किया. इस दौरान एडीएम मो अबरार अहमर सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
इस दौरान मधेपुरा अनुमंडल के 325 लाभुक व उदाकिशुगजं अनुमंडल के 112 लाभूकों को परचा निर्गत किया गया. मौके पर प्रखंडवार स्टॉल लगा कर परचा का वितरण किया गया.
