ग्वालपाड़ा : बिहारीगंज व ग्वालपाड़ा प्रखंड क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र में आग लगने से प्रखंड के चार व बिहारीगंज प्रखंड के पांच घर जले गये. जानकारी के अनुसार सोमवार की रात लगभग साढ़े दस बजे बिहारीगंज प्रखंड के बभनगामा पंचायत के माहताब टोला के गोवर्धन दास के घर में आग लग गई.
गोवर्धन दास के घर में रखी गैस सिलिंडर में आग पकड़ लेने से आग का रूप भयानक हो गया तथा बगल के अग्निदेव दास, जयकुमार दास, राजकुमार दास व गोपाल दास कि घर को अपने आगोश में लेकर जला कर भस्म कर दिया. इस अगलगी की घटना में जहां बर्तन, कपड़ा, अनाज सहित नकदी जल कर राख हो गई. वहीं गोवर्धन दास की गाय का एक बच्चा, दो बकरी भी जल कर राख हो गया.
लगभग दो लाख रुपये से अधिक की क्षति बताई गई. घटना की जानकारी मिलते ही बिहारीगंज के सीओ अभय कांत मिश्रा घटनास्थल पर पहुंच कर पीड़ित चार परिवार को छह -छह हजार रुपये कि सहायता राशि दी गयी. वहीं अग्निपीड़ित गोपाल दास का कहना है कि आग में मेरा घर भी जला है. लेकिन मुझे सहायता राशि नहीं दी गई.
दूसरी तरफ आग की लपटें इतनी तेज थी कि सीमावर्ती प्रखंड के गीरगांव चतरा पंचायत वार्ड नंबर सात के बबलू दास, पाठक दास, मोति दास व वीरेंद्र दास के घर को देखते ही देखते जला कर राख कर दिया. रात का समय रहने के कारण लोग अपना समान भी नहीं बचा पाया. इस घटना में लाखों से उपर की क्षति बताई जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही बीरगांव चतरा पंचायत के मुखिया जगदीश यादव घटनास्थल पर पहुंच कर अग्निपीड़ित परिवार से मिल कर सांत्वना देते हुए सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया. वही जानकारी मिलते ही सीओ रविश कुमार के आदेश पर राजस्व कर्मचारी पवन कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर जांच-पड़ताल में जुटे हुये है. जांच पूरी होने पर सहायता राशि दिये जाने की वात बतायी गयी.
