सहोदर भाइयों के बीच हिंसक झड़प, महिला समेत चार जख्मी

सहोदर भाइयों के बीच हिंसक झड़प, महिला समेत चार जख्मी

घायल महिला की गंभीर स्थिति देख एसआइ दानिश इकबाल ने निजी खर्च पर कराया सीटी स्कैन

लखीसराय. जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 12 में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सहोदर भाइयों के बीच हुआ आपसी विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कुल चार लोग घायल हो गये, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बतायी जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

घायलों में एक पक्ष से राजेंद्र यादव एवं रिंकू देवी, जबकि दूसरे पक्ष से उमेश यादव व नारायण यादव शामिल हैं. बताया जाता है कि किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गयी. मारपीट के दौरान रिंकू देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घटना की सूचना मिलते ही तेतरहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. मामले को लेकर एसआइ दानिश इकबाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां दो घायल सड़क पर बेसुध अवस्था में पड़े थे. आसपास कोई मदद करने वाला नहीं था. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मानवीय पहल का परिचय देते हुए एसआई दानिश इकबाल ने गंभीर रूप से घायल रिंकू देवी का अपने खर्च पर सीटी स्कैन भी कराया. चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

उधर, थानाध्यक्ष ईलू उपाध्याय ने बताया कि दो भाइयों के बीच हिंसक झड़प हुई है. घायलों का इलाज कराया गया. दोनों पक्ष की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन देने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAVIKANT SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >