कृषि मंत्री बनने के बाद पहली बार बड़हिया पहुंचे विजय कुमार सिन्हा, बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर हुआ भव्य स्वागत

बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा का जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र बड़हिया पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया. इस दौरान कृषि मंत्री ने प्रसिद्ध जगदंबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख-समृद्धि की कामना की और किसानों के हितों को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया.

बड़हिया (लखीसराय) से शशिकांत मिश्रा की रिपोर्ट: बिहार सरकार में कृषि मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद लखीसराय विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा रविवार को पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र बड़हिया पहुंचे. उनके बड़हिया आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पलक पावड़े बिछाकर उनका अभूतपूर्व और भव्य स्वागत किया. पूरे शहर में उत्साह और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.

ढोल-नगाड़ों और बुलडोजर से पुष्प वर्षा के बीच अभिनंदन

नगर की सीमा में प्रवेश करते ही ढोल-नगाड़ों, हाथी-घोड़ों और ‘विजय सिन्हा जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री का जोरदार स्वागत किया. उनके स्वागत के लिए जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए थे. वहीं, नगवती स्थान के समीप पूर्व वार्ड पार्षद अमित कुमार के नेतृत्व में बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर उनका विशेष अभिनंदन किया गया. सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और गर्मजोशी के साथ उनका इस्तकबाल किया.

सुप्रसिद्ध जगदंबा मंदिर में की पूजा-अर्चना

भव्य स्वागत कार्यक्रम के बाद कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा सीधे बड़हिया स्थित सुप्रसिद्ध मां बाला त्रिपुर सुंदरी जगदंबा मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ माता की पूजा-अर्चना की और मत्था टेका. इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट की ओर से उन्हें माता की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया. इस दौरान मंदिर परिसर में समर्थकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही.

किसानों का हित सर्वोपरि, बिहार की समृद्धि की कामना

पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि उन्होंने माता के दरबार में बिहार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है. उन्होंने कहा, “हम लोग माता की शक्ति की आराधना करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि बिहार सभी विकारों और अराजकता से मुक्त होकर सुशासन और प्रगति के पथ पर आगे बढ़े.” कृषि विभाग की नई जिम्मेदारी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार ने जो दायित्व सौंपा है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे. किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य में आधुनिक खेती, उन्नत बीज, सिंचाई व्यवस्था और किसानों को बाजार की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार पूरी गंभीरता के साथ काम करेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >