पुरानी छत गिरने से दो किशोरियां मलबे में दबीं, एक की हालत गंभीर

पुरानी छत गिरने से दो किशोरियां मलबे में दबीं, एक की हालत गंभीर

बुधवार सुबह अचानक हुआ हादसा, छत के मलबे के साथ नीचे गिरीं दोनों छात्राएं

हलसी. थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में बुधवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक पुरानी छत अचानक टूटकर गिर गयी. इस घटना में छत पर मौजूद दो किशोरियां मलबे के साथ नीचे गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गयीं. घटना बुधवार पूर्वाह्न लगभग नौ बजे की बतायी जा रही है. ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मकान की छत काफी पुरानी और जर्जर थी. बुधवार सुबह जब मानपुर निवासी अशरफी मिस्त्री की 16 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी और इसी गांव के रामदेव यादव की 14 वर्षीय पुत्री सोनम कुमारी छत पर मौजूद थीं, तभी छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के वक्त दोनों किशोरियां संभल नहीं सकीं और मलबे के साथ सीधे नीचे जा गिरीं, जिससे वे बुरी तरह चोटिल हो गयीं. हादसे के बाद परिजनों व ग्रामीणों के सहयोग से पूर्वाह्न 10 बजे दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय लाया गया. चिकित्सकों के अनुसार, 14 वर्षीय सोनम कुमारी की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है और उसका सघन उपचार किया जा रहा है. अंशु कुमारी का भी प्राथमिक उपचार जारी है. इधर, इस दुखद घटना के संबंध में हलसी थाना के अपर थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि पुलिस को फिलहाल इस मामले की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है. जानकारी मिलने और शिकायत प्राप्त होने पर उचित कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >