Crime News: सूर्यगढ़ा (लखीसराय). मानिकपुर थाना क्षेत्र के टोरलपुर पंचायत अंतर्गत एक गांव में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात नाबालिग किशोर के साथ कथित सामूहिक दुर्व्यवहार का मामला सामने आया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित के परिजन ने मानिकपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 109/26 दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.
परिजन की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
परिजन के आवेदन के अनुसार तीन किशोरों पर पीड़ित के साथ कथित रूप से अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और नामजद तीनों किशोरों को निरुद्ध कर लिया.
पीड़ित किशोर का कराया गया मेडिकल परीक्षण
मानिकपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गुरुवार रात पीड़ित किशोर का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है.
तीनों किशोरों को न्यायालय में किया जाएगा पेश
थानाध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों निरुद्ध किशोरों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट, शिकायत और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों का अध्ययन किया जा रहा है. इन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
नाबालिगों की पहचान सार्वजनिक नहीं
Crime News: मामला नाबालिगों से जुड़ा होने के कारण कानूनी प्रावधानों के तहत पीड़ित और आरोपित किशोरों की पहचान से संबंधित कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गयी है.
