जिप प्रधान सहायक ने सरकारी फाइलें लूट को लेकर कवैया थाना में दिया आवेदन
जिला परिषद कार्यालय के प्रभारी प्रधान सहायक मनोज कुमार ने कवैया थाना में आवेदन देकर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.लखीसराय.
जिला परिषद कार्यालय के प्रभारी प्रधान सहायक मनोज कुमार ने कवैया थाना में आवेदन देकर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. आवेदन के अनुसार 30 मई की शाम करीब 3:30 बजे जिला परिषद सदस्या चुनचुन देवी के पति हिमांशु कुमार, पुत्र राज कुमार समेत सात लोग कार्यालय पहुंचे और हंगामा किया. आरोपियों में दो सेना कर्मी उमाशंकर और सोनू कुमार का नाम भी शामिल है.आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सभी आरोपियों ने कार्यालय में घुसकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और लोक कार्य स्थायी समिति के सदस्य रोहित कुमार के साथ मारपीट की. उनका गला और छाती दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई, जिससे वे अचेत हो गए. बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई.प्रभारी प्रधान सहायक ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने कार्यालय की बिजली बंद कर दी और करीब 50 हजार रुपये मूल्य की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. साथ ही जिला परिषद क्षेत्र संख्या-03 से संबंधित महत्वपूर्ण सरकारी संचिकाओं को फाड़ दिया तथा कुछ फाइलें लूटकर बाइक और लाल रंग की कार से फरार हो गए.
आवेदन में सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. वहीं कवैया थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि जिला परिषद कार्यालय के प्रधान लिपिक की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.