Suryagarha PACS Election: सूर्यगढ़ा. प्रखंड की छह पैक्स में चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई. अंतिम दिन प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रत्याशियों, समर्थकों और मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ रही. नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही दो पंचायतों में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है.
अध्यक्ष पद के लिए 16 उम्मीदवार मैदान में
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत छह पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए कुल 16 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया. वहीं प्रबंध समिति सदस्य पद के लिए 81 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया.
दो पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन की संभावना
पंचायतवार स्थिति के अनुसार बरियारपुर से अध्यक्ष पद के लिए तीन, अलीनगर से पांच, चौरा राजपुर से तीन तथा कसवा से तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं अरमा और किरणपुर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए केवल एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन किया है.
नामांकन पत्रों की समीक्षा के बाद अरमा पंचायत से विशेश्वर प्रसाद कुशवाहा तथा किरणपुर पंचायत से अनंत कुमार आनंद का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है. हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाएगी.
18 जुलाई को होगी स्क्रूटिनी
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप ने बताया कि 18 जुलाई को नामांकन पत्रों की स्क्रूटिनी की जाएगी. 22 जुलाई को नाम वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे.उन्होंने बताया कि शेष चार पंचायतों में 29 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 30 जुलाई को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
सुरक्षा के बीच संपन्न हुई प्रक्रिया
Suryagarha PACS Election: नामांकन के अंतिम दिन प्रखंड कार्यालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. पुलिस की मौजूदगी में पूरी नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. पूरे दिन समर्थकों की आवाजाही और चुनावी हलचल बनी रही.
