ठाकुरबाड़ी न्यास समिति की 65 बीघा जमीन की बंदोबस्ती संपन्न
प्रखंड के प्रतापपुर स्थित श्री मदन मोहन ठाकुरबाड़ी न्यास समिति की लगभग 65 बीघा कृषि भूमि की बंदोबस्ती शुक्रवार को अंचल कार्यालय में शांतिपूर्ण ढंग से करायी गयी
चार चरणों की बोली प्रक्रिया में दिनेश प्रसाद सिंह रहे सबसे आगे
बड़हिया. प्रखंड के प्रतापपुर स्थित श्री मदन मोहन ठाकुरबाड़ी न्यास समिति की लगभग 65 बीघा कृषि भूमि की बंदोबस्ती शुक्रवार को अंचल कार्यालय में शांतिपूर्ण ढंग से करायी गयी. यह कार्रवाई अनुमंडलाधिकारी द्वारा जारी पत्रांक 594 के निर्देश के तहत संपन्न हुई. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह से ही बोली प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें विभिन्न गांवों के इच्छुक लोगों ने हिस्सा लिया. प्रशासन की ओर से भूमि के लिए प्रारंभिक सरकारी बोली सात लाख 86 हजार 500 रुपये तय की गयी थी. बंदोबस्ती प्रक्रिया में प्रतापपुर निवासी विजय सिंह एवं दिनेश प्रसाद सिंह, गिरधरपुर के विरंची महतो तथा जनपुर निवासी सुनील साव ने भाग लिया. बोली के दौरान प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. चार दौर तक चली नीलामी प्रक्रिया के बाद सबसे अधिक सात लाख 88 हजार 100 रुपये की बोली लगाने वाले दिनेश प्रसाद सिंह को उक्त भूमि की बंदोबस्ती दी गयी. पूरी प्रक्रिया अंचलाधिकारी राकेश आनंद की निगरानी में करायी गयी. मौके पर राजस्व पदाधिकारी जय कुमार, अंचल कार्यालय के कर्मी सुदेश कुमार, ठाकुरबाड़ी न्यास समिति के सचिव रामनरेश सिंह, कोषाध्यक्ष राजीव कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे. जानकारी के अनुसार न्यास समिति की यह कृषि योग्य भूमि डुमरी, गंगासराय, पहाड़पुर तथा प्रतापपुर महाल क्षेत्र में फैली हुई है.-