लखीसराय. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर के नेतृत्व में मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया गया. टीम ने जेल में बंदियों को मिल रही विभिन्न सुविधाओं, विधिक सहायता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रजापति झा, सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमलेश कुमार तथा प्राधिकार के कर्मी सदानंद कुमार और राहुल कुमार मौजूद रहे.
निजी अधिवक्ता रखने में असमर्थ बंदियों को मिलेगी नि:शुल्क कानूनी सहायता
निरीक्षण के दौरान सचिव विधानंद सागर ने बंदियों को विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जो बंदी अपने खर्च पर निजी अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करायी जाएगी. इच्छुक बंदी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं.
अस्पताल और वार्डों का किया गया निरीक्षण
निरीक्षण टीम ने मंडल कारा के अस्पताल, विभिन्न वार्डों और कक्षों की गहन जांच की. इस दौरान बंदियों से जेल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गयी. टीम ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए.
बंदियों ने भोजन की गुणवत्ता पर जतायी नाराजगी
पूछताछ के दौरान बंदियों ने जेल में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज करायी. बंदियों की शिकायत पर सचिव ने कड़ा संज्ञान लिया. उन्होंने मंडल कारा के अधीक्षक को भोजन की समुचित और गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
महिला वार्ड की व्यवस्थाओं की भी ली जानकारी
टीम ने महिला वार्ड का भी अलग से निरीक्षण किया. यहां महिला बंदियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली गयी. सचिव ने अधीक्षक को महिला वार्ड में आवश्यक सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया.
